Just another WordPress.com weblog

और एक खास भूख और होती है
जो अपना सर्वस्व खो देती है
फिर भी ना मिलकर मिलती है
प्रेम की भूख 
शाश्वत प्रेम की चाहना 

आदिम युग से अन्तिम युग तक भटकती 
जो मिटकर भी ना मिटती 
जिसकी चाह में 
सृष्टि भी रंग बदलती है
पेड पौधे , पक्षी, प्राणी, मानव, दानव
सभी भटकते दिखते हैं 
निस्वार्थ प्रेम की भूख 
ऐसा आन्दोलित करती है
जो अच्छा बुरा ना कुछ देखती है
बस पाने की चाह में 
वो कर गुजरती है 
कि इतिहास भर जाता है
नाम अमर हो जाता है
मगर प्रेमी जोडा ना मिल पाता है

फिर चाहे मीरा हो या राधा 
लैला हो या हीर 
रैदास हो या तुलसीदास 
कबीर हो या सूरदास 
प्रेम की भूख तो सबसे भयावह होती है 

जो दीदार होने पर और बढती है 
और शांत होकर भी अशांत कर जाती है
कभी विरह में भी सुकून देती है 
और अशांति में शांति का दान कर जाती है 
अजब प्रेम की भूख के गणित होते हैं
जिसके ना कोई समीकरण होते हैं 


और भी ना जाने 
कितने रूपों में समायी है ये भूख
जो शांत होकर भी शांत नहीं होती
क्योंकि
सबके लिये अलग अलग कारण होते हैं भूख के
और सबके लिये अलग अलग अर्थ होते हैं भूख के

जायज नाजायज के पलडे से परे 
भूख का अपना गणित होता है 
जो सारे समीकरणों को बिगाड देता है
इसलिये तब तक भूख के खूँटे से बँधी गाय उम्र भर रंभाती रहेगी 
जब तक कि निज स्वार्थ से ऊपर उठकर 
नैतिक आचरणों और संस्कारों की संस्कृति 
एक नयी सभ्यता को ना जन्म देगी 


बालार्क की दसवी किरण डॉक्टर कौशलेन्द्र मिश्र


डॉक्टर कौशलेन्द्र मिश्र एक उद्देश्य के साथ लेखन करते हैं।  साहित्य के माध्यम से अपने आदर्शों , संस्कृति और मूल्यों को बचाने के लिए प्रयासरत रहना और इसी का दर्शन उनकी कविताओं   में होता है जब “एक ही दृश्य ” कविता में ह्रास होते जीवन मूल्यों को देखते हैं कवि मन पीड़ा से भर उठता है जब देखता है आज के युग की विडम्बना कि कैसे शैतान काबिज़ हो रहा है , उसी की जय जयकार हो रही है हर तरफ और दूसरी तरफ इंसानियत किसी हारे जुआरी सी मूँह छुपाये किसी कोने में दुबकी सिसक रही है उस क्षण कवि मन ईश्वर से प्रश्न कर ही उठता है कि आखिर ऐसा भेदभाव क्यों कुछ इस तरह :

“कभी मिलेगा ईश्वर / तो पूछूंगा जरूर/ मीठे कुएं इतने कम क्यों हैं / और सागर इतने फैले हुए क्यों हैं “

“विश्व मानचित्र में ” यही पीड़ा आगे आकार लेती है जब कवि उद्द्वेलित होता है ये सोचकर कि जिन मूल्यों से उसके देश की पहचान थी आज वो कहाँ खो गए हैं कि अगर कोई दूर खड़ा देखे तो उसे वो भारत दिखेगा ही नहीं जहाँ राम , सीता , लक्ष्मण  कृष्ण जैसे चरित्रों ने जन्म लिया था और एक आदर्श स्थापित किया था क्योंकि आज तो चारों तरफ नैतिक मूल्यों का सिर्फ ह्रास ही हो रहा है, कहीं कोई मर्यादा नहीं रही , चरों तरफ फैली अराजकता ही दया , प्रेम और करुणा को लील चुकी है , ये कैसा परिदृश्य है , दुखी होने के साथ चकित है कवि :

“आर्यों के देश में / आर्य ही मिलता नहीं / आर्यत्व का अब कोई / अनुसन्धान करता नहीं / सीता के हरण पर / उद्वेलन होता नहीं / रावणों की भीड़ से निकलकर / कोई एक / लक्ष्मण को निति का / उपदेश अब देता नहीं। / मूल्य कहाँ होंगे शेष?”

“नाली का कीड़ा ” के माध्यम से स्वदेश से पलायन करती प्रतिभाओं और विदेश के  कटाक्ष किया है और देशप्रेम की भावना को भी चंद  शब्दों में ही भर दिया है साथ ही एक सन्देश भी दिया है कि इंसान चाहे तो अपने देश में रहकर भी उत्थान और प्रेरणा की अलख जगा सकता है। 

“पहरुए” अर्थात पहरेदार………आज की जीवन शैली का आने वाली पीढ़ी पर पड़ते हुए असर को इंगित करती है कि आज हम चकाचौंध में खो गए हैं और उसी में आने वाली पीढ़ी को डुबो रहे हैं जबकि आने वाली पीढ़ी का दोष नहीं , कहीं न कहीं हमारी ही पहरेदारी में कमी है , हम ही नहीं दिखा पा रहे सही राहें क्योंकि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं और जो और जैसे संस्कार हैम उन्हें देंगे वैसे ही देश का निर्माण होगा , वैसे ही चरित्र बनेगे और वो वक्त आने से पहले हमें जागना होगा और अपने कर्त्वयों को समझना होगा :

“सहिष्णुता को भगाकर / उद्दंडता आयी है / संयम को भगाकर / उच्छृखलता आयी है / घरवाली गयी है बहार / घर में कामवाली आयी है /बच्चे घर से भागने लगे है / शहर शहर / गली गली भटकने लगे हैं / बच्चे स्वयं को बच्चा नहीं जानते / सामाजिक नियमों को अच्छा नहीं मानते “

कुल मिलाकर कवि व्यथित है आज गिरते जीवन मूल्यों से , प्रभाव खोती संस्कृति से जो किसी भी देश की पहचान होते हैं और दोबारा उन्ही को स्थापित करने का स्वप्न देखते हैं अपने लेखन के माध्यम से बस यही तो है लेखन का औचित्य और सार्थकता जो किसी उद्देश्य के तहत किया जाए , जो समाज को सही दिशा दे सके और आने वाली पीढ़ी का सही मार्गदर्शन कर सके और उसमे कवि सक्षम है।  कवि की सूक्ष्म दृष्टि इसी तरह सभी बुराइयों पर पड़ती रहे और वो इसी तरह जागरूकता की अलख जगाता रहे इसी कामना के साथ कवि को उत्तम व् प्रेरक लेखन के लिए बधाई देती हूँ। 

मिलती हूँ अगले कवि के साथ जल्दी ही………… 
ज़िन्दगी भर की अपनो की दी हुयी
कुंठा, पीडा ,बेचैनी, घुटन , तिरस्कार
उपेक्षा, दर्द , मजबूरी , विषमता
अकेलेपन की त्रासदी का जब जमावडा होता है
तब एक जुनूनी तेजाब उबलता है
जो खदक कर बाहर आने को आतुर होता है
दिल दिमाग की गुत्थमगुत्था में जब भी
कुछ बूँदें छलकती हैं
वो कविता नहीं होतीं
कुछ कह ना सकने
कुछ कर ना सकने की विवशता ही
वहाँ अवसाद रूप में बहती है
जिसे तुम कविता कहते हो
या कविता समझते हो
वो तो वास्तव में
अवसाद रूप में बहती विक्षिप्तता के कगार पर खडी
वो आकृति होती है जो गर
शब्दों के सहारे अवसाद का
पतनाला बन ना बहती तो
मानसिक विक्षिप्त करार दी जाती
मगर उसकी पीडा ना कभी समझी जाती
कि
अपनों के बीच , अपनेपन को तरसते
हजारों सपनों के ज़मींदोज़ होने पर
जिन सभ्यताओं के नामोनिशान भी नहीं रहते
उन्हें कितना खोद लो
कितने अन्वेषण कर लो
कितना ही पत्थरों की
मौन भाषा को लिपिबद्ध कर लो
उस वास्तविक अवस्था की तो
परछाईं भी ना हाथ में आती है
और ज़िन्दगी ना जाने कब लिहाफ़ बदल जाती है
और मानसिक विक्षिप्त सी कवितायें ही यहाँ आकार पाती हैं
अब वो कविता होती है या मानसिक विक्षिप्त का अवसाद
उन सुलगते रेशमी तागों कौन छूकर देखे और अपने हाथ जलाये
आज तो दो लोटे वाहवाही के जल का उँडेलना ही काफ़ी है अभिषेक के लिये ………

भूख भूख भूख …4

नेता की भूख 
पद के लालच में
नहीं देख पाती 
बेबस जनता की तकलीफ़ें 
जनता का रुदन
उसे चाहिये होता है एक उच्च पद
जहाँ वो सारे कुकृत्य करके भी बच जाये
स्वंय को पाक साफ़ सिद्ध कर सके 
क्योंकि जानता है वो
कीडे मकौडों सी जनता का गणित
भूल जायेगी उसके हर कुकृत्य को
समय हर घाव भर देता है की तर्ज़ पर
और फिर पद यूँ ही नहीं मिला करते
जोड तोड की नीति में 
क्या क्या कुर्बानी नहीं दी होती
तब जाकर एक प्रतिष्ठित पद की भूख शांत होती है
और उसे कायम रखने के लिये 
कितने पापड बेलने पडते हैं
नेता जी अच्छे से जानते हैं
इसलिये भूख तो आखिर भूख है
हर संभव उपायों से शांत करने को प्रयासरत रहना आसान नहीं होता
फिर चाहे उच्छिष्ट के रूप में 
कुछ भरम ही क्यों ना कायम करना पडे 
जनता के बीच …अगले चुनाव से पहले
भूख की जडों को सींचने के लिये 
हथियारबंद होकर 
डर का साम्राज्य पैदा करके 
या फिर शुभचिन्तक बनकर 
रोज नये मुखौटे लगाकर
जरूरी है हर दांवपेंच की जानकारी का होना 

क्रमश : ……………


प्रतिभा कटियार एक जाना पहचाना नाम है जो किसी परिचय का मोहताज नहीं।  रोने की कोई वजह नहीं होती सुना तो होगा न मगर जो आंसुओं का समंदर बहाकर रोया जाए तो वो रोना भी कोई रोना है क्या ? एक ऐसा प्रश्न उठाती कविता है “रोने के लिए आत्मा को निचोड़ना पड़ता है ” कितना गहरे उतरी हैं कवयित्री ये तो इस कविता को पढ़कर ही समझा जा सकता है।  आँख से आंसू टपके और रो लिए रोना इसे नहीं कहते बल्कि जब रोने का तुम्हें सलीका आ जाये वो है असल रोना , वो है आत्मा का निचुड़ना जहाँ उदासियों की टंकारें तो गूंजती हों मगर देखने वाले को मुस्कराहट का नमक लगे……… एक सलीकेदार दुनिया का निर्माण करती कवयित्री जीने का ढंग सिखा जाती हैं।  


“रोना वो नहीं जो आँख से टपक जाता है /रोना वो है जो सांस सांस जज़्ब होता है “

“उम्र सोलह की ” एक ऐसा पायदान जो आता है तो जाने कितने गुलाबी पंखों को समेटे आता है और उड़ान का पंछी बिना पंखों के परवाज़ भरने  लगता है मगर एक स्त्री जो सारे संसार की धुरी बन एक उम्र गुजार देती है वो भी उम्र के आखिरी पड़ाव तक भी सोलह की उम्र सी होती है , उसमे भी कुछ गुलज़ार उमंगें आसमान चढ़ती हैं जिन्हें उसने बेशक कुछ वक्त के लिए ताक पर रख दिया होता है मगर असल में तो सोलह की उम्र सा जज्बा तो उसमे ता – उम्र रहता है सांसों सा , धड़कन सा जिस पर कभी कोई राग गाया ही नहीं गया , कोई सरगम बनायीं ही नहीं गयी वर्ना एक स्त्री सिर्फ स्त्री ही नहीं होती , एक षोडशी की तरंगें उमंगें गीत बन उसके लहू में बहती हैं सिर्फ एक हसरत में कोई तो हो जो सोया है सावन उसे जगा दे जो खोया है सावन उसे वापस ला दे : 

एक दिन में बरसों का सफ़र तय करते हुए / वो भूल ही चुकी है कि / ज़िन्दगी की दीवार पर लगे कैलेण्डर को बदले / ना जाने कितने बरस हुए / कौन लगा पायेगा पाँव की बिवाइयों की उम्र का अंदाजा / और बता पायेगा सही उम्र , उस स्त्री की ?

“बेसलीका ही रहे तुम ” एक प्रेयसी के भावों का जीवंत चित्रण है जो प्रेमी को जाने कितने बहानों से याद भी कर रही है और उसके विरह में जल भी रही है।  प्रेमी का हवा के झोंके सा आना और अचानक चले जाना फिर वो चाहे किसी भी वजह से हो प्रेमिका ढूंढ ही लेती है वजहें उसके आने और जाने के बीच के संसार में जीने की।  उसकी छोटी छोटी चीजें हों या उसका होना हो सबमे प्रेमी का दर्शन ही प्रेमिका के प्रेम की पराकाष्ठा है तभी तो कितनी शिद्दत से कह उठती है :

“आज सफाई करते हुए पाया मैंने कि / तुम तो अपना होना भी यहीं भूल गए हो “

वैसे इस कविता का एक और पहलू हो सकता है जब कोई अपने जीवनसाथी को खो दे हमेशा के लिये जो उसे छोड दूसरी दुनिया में चला जाये तब भी ऐसे ही भावों का उद्धृत होना लाज़िमी है मगर नज़रिया चाहे जो हो मगर एक प्रेयसी/पत्नी के भाव तो इसी तरह उमडेंगे उससे इंकार नहीं किया जा सकता ।


आज स्त्री जान चुकी है खुद को शायद तभी नहीं पड़ती अब झूठे प्रलोभनों में तभी तो जरूरत नहीं उसे किसी साज श्रृंगार की , किसी प्रशंसा की क्योंकि अपने होने के औचित्य को  समझ चुकी है , जान चुकी है कि एक कर्मठ स्त्री का “सौदर्य “उसका रूप रंग नहीं उसका कर्म होता है , उसकी सांवली त्वचा नहीं बल्कि उसका स्वाभिमान होता है जिसे दर्प से उसका चेहरा दमकता है तभी तो प्रश्न करती है आज के पुरुष समाज से कि मैंने तोड़ दिए तुम्हारे बनाये सभी घेरे , बताओ , अब कौन से नए प्रलोभन दोगे  , कौन से नए षड्यंत्र रचोगे मुझे लुभाने के , अपना गुलाम बनाने के ।

“उनके लहू का रंग नीला है ” जैसे एक सभ्यता खोज रही हो अपने निशान , जैसे सारे शोध यहाँ आकर भस्मीभूत हो गए हों। …… कुछ ऐसे भावों को संजोया है कवयित्री ने।  प्रेम मानव जीवन की प्रथम आवश्यकता है जिसके बिना जीवन सम्भव ही नहीं और जब वो ही प्रेम लहूलुहान होता है , जब वो ही प्रेम सूली पर चढ़ता है , जब उसी प्रेम के होने पर बंदिशों के घेरे बंध जाते हैं तब दर्द की अंगड़ाइयां बहते लहू को मानो नीला कर देती हैं , मानो कहती हों आओ करो हम पर शोध , करो हमारा अन्वेषण , करो हमारे पर योगिक क्रियाएं और बताओ तो ज़रा क्या ज़िंदा है ……इंसान या प्रेम ? आज के साइंस ज़दा मानव को चुनौती देती कवयित्री प्रेम को एक ऐसा शोध का विषय बता रही हैं जो युगों से अकाट्य सत्य की तरह हमारे बीच है , जिससे सभी बीमार हैं मगर कोई कह नहीं सकता देखकर बीमार की शक्ल कि हाल अच्छा नहीं है यही है प्रेम का होना जो होने पर भी अदृश्यता के सभी प्रतिमानो को तोड़ देता है और एक अपना ही अलग व्यास का निर्माण करता है :

उदासियाँ किसी टेस्ट में नहीं आतीं / झूठी मुस्कुराहटें जीत जाती हैं हर बार / और रिपोर्ट सही ही आती है / जबकि सही कुछ बचा ही नहीं “

स्त्री के मनोभावों का चित्रण करने में कवयित्री पूर्णतः सक्षम है साथ ही सोच को नए आयाम देती हैं , वहाँ जहाँ कुछ नहीं है उसमे से भी कुछ को पकड़ लेती हैं और एक चित्र कायम करने में सक्षम होती हैं यही होती है एक कवि की दृष्टि, सोच और परिपक्वता जो उसे नहीं होने में से भी कुछ होने को ढूंढने में मदद करती है और उसको एक नया मुकाम देती है।  कवयित्री को सटीक और हृदयस्पर्शी लेखन के लिए बधाई देती हूँ।  

फिर मिलती हूँ अगले कवि  के साथ जल्दी ही : ………… 

भूख भूख भूख ……..3

भूख आगे बढने की 
कभी देख ही नहीं पाती
कौन मरा कौन जीया
किसकी लाश पर पैर रखकर 
किसने कौन सा खिताब पाया 
भूख तो आखिर भूख है 
शांत होने के लिये 
कहीं ना कहीं कोई तो अलाव जलाना होगा 
रोटियाँ बिना आग के नहीं पका करतीं 
फिर चाहे सारे नियमों , नीतियों को ही 
नेस्तनाबूद क्यों ना करना पडे 
क्योंकि
“जो जीता वो सिकन्दर ” कहावत का मोल भी तो चुकाना है


प्रशंसा, सम्मान , उपलब्धियों की भूख भी 
दलालों के शोषण का शिकार हो जाती है
मान सम्मान की भूख कब
नैतिकता के सिंहासन से उतार देती है
और कब निज स्वार्थ के वशीभूत 
सारी बातों को दरकिनार कर 
सिर्फ़ स्वंय को स्थापित करने की चाह जड पकडती है
पता ही नहीं चलता
और शुरु हो जाता है वहीं से शोषण का सिलसिला ……प्रतिभाओं के 
बस प्रतिभायें ही मजदूरी करती हैं 
और अपना पेट भरती हैं
और दूसरी ओर अवांछित तत्व 
कभी पैसे के बल पर 
तो कभी पद के बल पर 
अपनी तुच्छ भूख को शांत करते
पेज थ्री पर छपते हैं 
क्योंकि
भूख तो आखिर भूख होती है
जरूरत है तो उन उपायों की 
जो उसे शांत कर सकें
फिर चाहे उसके लिये 
खुद की प्रतिष्ठा ही क्यों ना गिरवीं रखनी पडे 

क्रमश : ………
अर्ध रात्रि की टंकार 

और  
दोनो कांटो के मिलन के साथ 
मेरा हर लम्हा मानो 
एक युग में  बदल गया 
गुजरे हुये ज़माने में तब्दील हो गया 


अर्ध रात्रि की टंकार 

और  
दोनो कांटो के मिलन के साथ 
मेरे जीवन में मानो 
नव सूर्योदय हुआ 
रूह का पोर पोर खिल गया 

अर्ध रात्रि की टंकार 

और  
दोनो कांटो के मिलन के साथ 
कोई अंतरघोष हुआ मानो 
अवचेतन में चेतन दर्शन हुआ 
खुदी से खुदा मिल गया 


और आखिर में इन शुभकामनाओं के साथ



रोंप खुशियों की कोंपलें
सदभावना की भरें उजास
शुभकामनाओं से कर आगाज़
नववर्ष 2014 में भरें मिठास

नववर्ष 2014 आपके और आपके परिवार के लिये मंगलमय हो ,सुखकारी हो , आल्हादकारी हो 

पुस्तक मेले में गई हुई थी, तमाम  किताबों को उलटते पलटते मेरी  निगाह एक किताब पर जा टिकी.. उसका  नाम था ” धन कमाने की तीन सौ तरीके ” । कीमत थोड़ा ज्यादा थी, आठ सौ रुपये, लेकिन दिमाग में एक बात थी,  क्या फर्क पड़ता है, ले लेते हैं। अगर एक तरीका भी हिट हो गया तो बस अपनी तो लाटरी निकल जाएगी। चुपचाप मैने ये किताब खरीद ली और घर पहुंच कर सब  काम धाम निपटाने के बाद उनसे कह दिया कि आज चाय खुद बना लीजिएगा,  मुझे डिस्टर्ब नहीं करना है। पहले तो मियां जी समझ नहीं पाए कि आखिर माज़रा  क्या है, क्यों कह रही है कि  चाय खुद ही बना लेना, लेकिन जब उन्होंने  मेरे हाथ  में धन कमाने की तीन सौ तरीके वाली किताब देखी तो खुशी-खुशी  राजी हो गए। यहां तक मेरे किताब पढ़ने के दौरान दो तीन बार मेरे कमरे में चाय पहुंचा कर भी गए। खैर पूरी किताब पढ़ गई, लेकिन मुझे कोई तरीका पसंद  नहीं आया, लेकिन जो पसंद आया वो उसमें शामिल नहीं था। पसंद ये था कि ” धन कमाने के तीन सौ तरीके ”  नाम से किताब छपवा ली और अंधाधुंध बिक रही है और लेखक सम्मान पे सम्मान प्राप्त कर रहा है  और लेखक जिस तरह खुद कमाई कर रहा था, इस किताब में उस तरीके का  जिक्र तक नहीं किया।

मैं ये सब सोच ही रही थी कि खबर मिली शहर में पुरस्कार /सम्मान मेला लगा है फिर चाहे साहित्य हो , ब्लॉग या सोशल साईट। मैंने बेटे को आवाज़ दी और कहा सोचती हूँ बंटू , दो चार सम्मान अपने लिए भी मंगवा लूं ,वैसे भी ऐसा सीजन रोज रोज नहीं आता है। राष्ट्रीय हो या अंतर्राष्ट्रीय हर तरह के सम्मान आपको मिल जायेंगे बशर्ते उनकी शर्त पूरी करने की आपमें कूवत हो या कहो इच्छाशक्ति हो क्योंकि शुरू में मामूली रकम सम्मान की एवज में ली जाती है और फिर इसी तरह आदत डाली जाती है सम्मान देने की उसके बाद तो लेखक/ लेखिकाएं घर से कैसे भी इंतज़ाम  करके पैसे ले आते हैं।  

अब देखो  कल तो वो मोहल्ले में रहने वाली मिसिज़ शर्मा भी चार सम्मान एक साथ ले आईं, उन्होंने किया ही क्या, सिर्फ इतना ही ना कि फेसबुक आदि सोशल साइट्स  के जरिए कुछ लोगों को पहले अपना दोस्त बनाया,  उन्हीं की कविताएं और लेख मंगाकर 2 – 4  पुस्तकों का संपादन किया, बेचारे नए – नए छपास के रोग से ग्रस्त कवियों की  बांछे खिल उठी कि पुस्तक में उनकी कविता छप रही है। मिसिज शर्मा ने शर्माते हुए इनसे ढाई ढाई / तीन तीन हजार रूपये मांग लिए, ये बेचारे मना भी नहीं कर पाए। अब मिसिज़ शर्मा स्वभाव से हैं ही इतनी मीठी कि कोई क्या मना करता। वैसे भी अब तो ये धंधा बन गया है,कोई भी संपादक बन सकता है करना ही क्या है  कभी 25 तो कभी 30 कवियों को इकठ्ठा करो और एक संग्रह निकलवा दो और नए नए पंछी भी छपास रोग से ग्रस्त होने के कारण राजी राजी भी इतने पैसे देने को तैयार हो जाते हैं तो राह और आसान हो जाती है , अब देखो लगता क्या है , किसी प्रकाशक से बात कर लो वहाँ सब सेटिंग हो ही जाती है , उसके बाद सारा मामला छपाई से लेकर लोकार्पण तक कुल मिलाकर तक़रीबन 40 हजार तक में भी यदि निपट जाए तो लगा ले हिसाब बेटा अंदर कितना आया और इसका सबसे बड़ा फायदा ये कि अपनी किताब मुफ्त में छपवा लो।  े हींग लगे ना फ़िटकरी और रंग चोखा वाली कहावत इसीलिये तो कही गयी है। मुफ़्त में नेम और फ़ेम दोनों मिल जाते हैं, और वो जो मिसिज़ बत्रा हैं उन्होंने तो क्या किया कुछ नए- नए अख़बार और पत्रिकाओं की नियमित सदस्य बन गयीं और कुछ में सदस्य, जानते हो न सदस्य होने का मतलब यानि एकमुश्त राशि उन्हें दे दो,  फिर क्या था उन्होंने तो पूरा का पूरा परिशिष्ट ही उन पर छाप दिया, अब इन्होंने भी हिंदीसेवी होने का खिताब झटक लिया। इसके बाद तो थोड़े पैसे देकर आराम से 2-3 सम्मान  भी जेब में कर लिए। 

सबसे मज़े की बात तो ये है कि आपको कोई ज्यादा खर्च नहीं करना वो हैं न मिस शालिनी उन्होंने तो आज तक कुछ खास ना लिखा न कुछ किया बस अपनी किताब ही भेज दी जगह जगह और वहाँ उन्होंने उनके नियमानुसार कहीं प्रबंधन के नाम पर तो कहीं सदस्यता के नाम पर तो कहीं प्रतिनिधि शुल्क के रूप में पैसा दिया और सम्मान पर कब्जा जमा लिया।  

वैसे ऐसा सिर्फ़ लेखिकाओं ही नहीं लेखकों के साथ भी हो रहा है , कोई विलग नहीं इस महामायाजाल से , आखिर खर्च किया है तो सम्मानित होने पर हमारा अधिकार बरबस बन ही जाता है और ना भी बनता हो तो दोस्त लोग तो हैं ही आपको बूस्ट अप करने के लिये , आपके लेखन को कालजयी बताने के लिये ऐसे में आप कैसे सम्मान प्राप्त करने की प्रक्रिया से खुद को अलग रख सकते हैं ।

आज कल  मामूली खर्च पर टुचपुंजिए अखबारों में आपके सम्मान की तस्वीरें भी छप जाती हैं, उसे सोशल साइट पर डाल दो, फिर क्या है, सम्मान देने वालों की लाइन लग जाती है। क्योंकि ये भी आजकल धंधा हो गया है। धंधेबाज सोशल  साइट पर तस्वीर देखते ही समझ जाते हैं कि ये मैडम तो आसानी से चंगुल में फंस जाएंगी, क्योंकि इन्हें सम्मान लेने और अखबार में छपवाने  का शौक है। बस ये डोरे डालने लगते हैं और बेचारी लेखिकाएं फंस ही जाती हैं, खुद खर्च करके अपने  किराये भाड़े से जगह जगह दूर पास की जगहो पर तो जाती ही हैं और वहां आयोजकों को  भी एकमुश्त राशि देने से पीछे नहीं रहतीं। मकसद और कुछ नहीं, बस अपनों के बीच अपना नाम कर लिया,   देखो कितनी बड़ी कवयित्री हूँ मैं , जब देखो रौब गांठती फिरती हैं जगह जगह अब चाहे लेखन में परिपक्वता हो या ना हो या लेखन स्तरीय हो या नहीं मगर सम्मान तो मिल गया ना और दोनों का मकसद पूरा हो गया जो संस्था दे रही है उसका भी नाम हो गया और उसने तो इन्ही का इन्हे दे दिया मगर लेने वाली ये महिलाएं जानकार भी अनजान बन यूं लहराती फिरती हैं मानो हमारी तो कोई कीमत ही नहीं। 

हमें तो जैसे इन हथकंडों का पता नहीं या हम नहीं ले सकते थे ऐसा करके , हुंह , क्या समझती हैं ये लेखिकाएं,  क्या ये ही ऐसा कर सकती हैं , मैं नहीं , जब आज सब जगह यही हो रहा है हर गली चौराहे के नुक्कड़ पर बड़े बड़े संस्थाओं के नाम रखकर सम्मान बेचे और ख़रीदे जा रहे हैं तो सिर्फ मैं ही क्यों लीक से हटकर चलूँ , क्यों ना मैं भी भीड़ में शामिल हो जाऊं , आखिर रहना तो इसी समाज में है ना , आखिर समाज की परम्पराओं को तोड़कर कैसे जिया जा सकता है, फिर तो मरणोपरांत ही याद किया जाता है और सम्मान दिया जाता है और ऐसे सम्मान का क्या फायदा जिसका सुख जीते जी ना भोगा, क्योंकि ज़िन्दगी तो आखिर एक बार मिलती है और खुद को साबित भी एक बार ही किया जा सकता है संसार की नज़रों में तो मौका हाथ से भला मैं भी क्यों गँवाऊँ और फिर  आजकल सिर्फ प्रतिभावान होने भर से गुजारा नहीं चलता , देखो ये सम्मानों के जो महल होते हैं ना यूं ही तो खड़े हो नहीं सकते , पैसा लगता है , अब शोहरत पाना चाहते हो , खुद को सिद्ध करना चाहते हो तो जेब तो ढीली करनी ही पड़ेगी ना कोई सरकारी अकादमी तो हैं नहीं जो प्रतिभा के दम पर सम्मान ले जाओ तुम , वैसे वहाँ भी डगर इतनी आसान थोड़े होती है ।वहाँ  भी जान पहचान और रसूख के बल पर ही सम्मानों की ढेरी लगती है फिर जब दोनों ही जगह एक जैसा हाल है तो ये क्या बुरे हैं , कम से कम यहाँ हम खुद तो खुश हो लेते हैं , ड्राइंग रूम में सम्मानों का एक कार्नर बना लेते हैं जिससे आने जाने वाले मेहमानों पर रुआब पड़ता है और हमारा कद समाज में ऊंचा हो जाता है क्योंकि अंदर की बात हर कोई नहीं जानता और जो जानते हैं वो इस पर चुप रहते हैं क्योंकि कहीं ना कहीं उन्होंने भी इसी तरह सम्मान पाये होते हैं तो बता बेटा बहती गंगा में यदि मैं भी हाथ धो लूँगी तो कौन सा पाप कर लूँगी , आखिर लेखन कर्म करके मैं भी तो साहित्य की सेवा ही कर रही हूँ । माँ की इन तर्कों के आगे बेटा बंटू शब्दहीन होकर खामोश रह गया। आजकल मौसम है सम्मानों का , देखो तो हर गली कूचे में , हर चलते फिरते को मिल रहा है तो मुझे भी जरूर मिल जायेगा बेटा, बस तू कॉलेज जाते जाते सम्मान की ईएमआई भरता जाइयो, बाकी मैं सम्भाल लूँगी कम से कम इन सम्मानों में इज्जत का जनाज़ा तो नहीं निकलता, कोई देने के बाद अफ़सोस तो जाहिर नहीं करता न कि गलती से दे दिया या ये इस सम्मान के लायक नहीं , इसकी उम्र इस लायक नहीं या इसका लेखन उस स्तर  का नहीं था। हाँ नहीं तो !!! 

क्या हाँ नहीं तो हाँ नहीं तो कर रही हो माँ, उठो देर हो रही है मुझे कॉलेज जाना है माँ कहकर जब बंटू ने हिलाया तो मेरा सुन्दर सलोना सपना कांच सा टूट गया और हकीकत के धरातल पर मे आत्मा का लहूलुहान वजूद सिसक रहा था। बेटा तो चाय नाश्ता करते कॉलेज  चला गया, पर मेरे सामने इन दिनों बिक रहे तमाम सम्मान और सम्मान लेने वालों के चेहरे सामने आ गए, सच कहूं, नाराज मत होना, तरस आ रहा था ऐसे चेहरों पर … और बदबू आ रही थी खुद की सोच से भी आखिर मैंने ऐसा सोचा ही क्यों ? क्या सम्मान की लालसा इतनी भयंकर होती है जो आत्मसम्मान भी लील लेती है ……… इस प्रश्न में डूब गयी मैं। 



बालार्क की आठवीं किरण हैं सुधा ओम ढींगरा जी जो किसी पहचान की मोहताज नहीं।  जो अपनी पहचान आप हैं , उनका लेखन स्वयं बोलता है।  


” रिश्ते ” शब्द ही जाने कितने रिश्तों की ऊष्मा साथ लिए आ जाता है जेहन के दरवाज़े पर मगर क्या जरूरी है हर रिश्ते को नाम देना , क्या बिना नाम के रिश्ते , रिश्ते नहीं होते या उनमे भावनाएं नहीं होतीं या उनमे कलुषता होती है ये एक ऐसा प्रश्न है जिससे हर कोई जूझता है और खास तौर से एक स्त्री जब उसे कसा ही रिश्तों की कसौटी पर जाता है ना कि उसके स्वतन्त्र अस्तित्व को स्वीकारा ………यही है हमारे समाज की सबसे बड़ी विडंबना और कवयित्री इसी विडंबना से उसे मुक्त करना चाहती हैं और एक नए समाज का निर्माण जहाँ स्त्री केवल स्त्री ना हो बल्कि एक इंसान भी हो

“भावनाएं/ संवेग / खुले रहकर भी / मर्यादित रह सकते हैं / फिर बंधना -बांधना क्यों ?”


“कठपुतली ” के माध्यम से स्त्री की दलित अवस्था  का सटीक चित्रण किया है क्योंकि डोर है उसके हाथों में 

“कराये हैं नौ रस भी अभिनीत / जीवन के नाट्य मंच पर / हंसें या रोयें / विरोध करें या हों विनीत /  धागे वो जो थामे है “


“स्मृतियाँ ” नाम ही काफी है , कौन है जो बचा है स्मृतियों के गेसुओं में उलझने से , कौन होगा ऐसा जिसकी रूह पर कोई स्मृति दस्तक न देती हो , शायद ही कोई प्राणी हो जो अच्छी या बुरी स्मृतियों से ज़िन्दगी में रु-ब -रु ना होता हो और जब ये स्मृतियाँ जब बिन बुलाये मेहमान सी जब चाहे चली आती हैं तो यादों के पर्दों को यूं हिलाती हैं कि ना चाहते हुए भी स्वागत करना ही पड़ता है फिर न कोई होश रहता है बस यही तो भाव संजोया है कवयित्री ने कविता में 

“तेरा मेरा साथ “ ज़िदगी की धूप  छाँव का एक खूबसूरत चित्रण हैं , एक के बिना दूजे का कोई अस्तित्व ही नहीं , एक के होने से ही दूसरे के होने के अहसास से गुजरा जा सकता है , सुख हो या दुःख ज़िन्दगी के ऐसे पहलू हैं जिनसे गुजरे बिना ज़िन्दगी जी ही नहीं जा सकती और सुख और दुःख हैं तो ज़िन्दगी की धूप और छाँव से भी बचा नहीं जा सकता और यही ज़िन्दगी का अनुपम सौंदर्य होता है जिससे गुजरने के बाद ही जीवन कुंदन बनता है 

” और कहती है / ऐ पथिक ! / दो पल मेरे पास आ / सहला दूं / ठंडी सांसों से / तरोताजा कर दूं तुम्हें / ताकि चहकते महकते / बढ़ सको अपनी / मंज़िल की और “

“नींद चली आती है “ एक ऐसी संवेदनशील कविता है जिससे गुजरते तो सभी हैं मगर उन भावों में रचता बसता  कोई कोई है।  यूं तो आज के दौर में जब संवेदनहीन हो गया है समाज और रिश्ते भी , जहाँ माता पिता को भी एक अवांछित तत्व समझ किनारा कर लिया जाता है वहाँ कवयित्री की संवेदनाएं इतनी सौम्यता से मुखर हुयी हैं कि एक चारपाई के माध्यम से उसने एक जीवन की पूरी  ना केवल कहानी कही है बल्कि रिश्तों की नमी को भी उकेरा है जो इस कविता का अक्षुण्ण सौंदर्य है 

“चारपाई के फीके पड़े रंग / समय के धोबी पाठकों से / मौसी के चेहरे पर आयी / झुर्रियों से लगते हैं “

कभी कभी इंसान एक क्षण में एक लम्बी यात्रा तय कर लेता है जब कोई लम्हा उसे छूकर गुजरता है तभी तो कवयित्री “वर्षों की यात्रा ” तय कर लेती हैं सर्दियों की उतरती धूप के मखमली अहसासों के साथ खो जाती है अपने बचपन की दुनिया में , जो जीवन की रोजमर्रा की स्थितियाँ हैं उनमे भी स्पर्श की ऊष्मा महसूसना और उसे शब्दों में पिरोना ही तो कवि के लेखन की सार्थकता है जिसमे कवयित्री सक्षम रही हैं :

” आँगन में धीरे धीरे / सरकती , फैलती , सिकुड़ती / सर्दियों की धुप / उस पर लहराते / पाइन वृक्ष के साये / दादी की चटाई की याद दिल गए”

रिश्तों की आत्मीयता का क्या महत्त्व है उसे महसूसने और कहने की क्षमता से लबरेज है कवयित्री का ह्रदय तभी तो हर और उसकी निगाह है , हर पल को जैसे साँसों संग महसूसती हैं , धड़कनों में राग बन जैसे बजती हों घंटियाँ कुछ ऐसा ही नाता है कवयित्री का जीवन से और जीवन में उतरे हर रिश्ते से तभी रिश्तों के सौंदर्य को इस खूबसूरती से उकेरा है कि पाठक उसके साथ अपनी स्मृतियों के खो जाता है और एक यात्रा वो खुद कर आता है और यही होती है किसी भी कवि के लेखन की सार्थकता जब पाठक उसमे अपना अक्स ढूँढता है और वो उसे वहाँ मिलता है।  कवयित्री को सार्थक लेखन के लिए बधाई देती हूँ। 

मिलती हूँ अगले कवि के साथ जल्दी ही ………. 



दोस्तों 


(बालार्क की छटी किरण मैं खुद हूँ तो मैं अपने बारे में तो  स्वयं कुछ कह नहीं सकती।  अब यदि किसी को हमारा लिखा पसंद आएगा और  यदि हमे इस लायक समझा गया  तभी कोई कुछ कहेगा  तभी आपको उसके बारे में पता चल सकता है।  )

चलिए मैं आपको मिलवाती हूँ बालार्क की सातवीं किरण अशोक आंद्रे जी की कविताओं से :

ज़िन्दगी के साथ भी और ज़िन्दगी के बाद भी एक दिशा एक दशा हमें हर पल सचेत करती है , हमारे अंतस में कोयल सी कुहुकती है मगर समझ के परिदृश्य में छेद होने के कारण स्वप्नवत ही लगता है और ज़िन्दगी की शाम में एक दस्तक देता प्रतीत होता है , आगत विगत के सारे गणित उस पल उसकी सोच पर हावी हो उसे उससे मिलवाते हैं मगर कहने या सुनने की स्थिति से परे दृष्टा बन वो सिर्फ देख सकता है मगर किसी से कह नहीं सकता।  मानव की त्रासदी का सम्पूर्ण रेखाचित्र खींच दिया है कवि ने “जलजला “ के माध्यम से फिर चाहे जीते ही अवलोकन हो या अर्ध चेतनावस्था हो , जिसे हम देख कर भी देखना नहीं चाहते , चेतना की उच्चावस्था में उपजा अर्ध चेतनावस्था की प्रतिक्रिया है ये कविता कुछ इस तरह :


” और ऐसे में सोचो / कल सूर्य ही ना निकले / लेकिन उसे हल्का सा होश यह सब / देखने / समझने के लिए / तब कैसा लगेगा ? / क्योंकि समय तो होगा नहीं / किसी की गति को पकड़ने के लिए “

” बादलों की “ कविता के माध्यम से प्रकृति से तादात्म्य बनाता कवि ह्रदय जब प्रश्न करता है खुद से तो उत्तर भी अंदर से ही आता है जो कवि के बालसुलभ मन को सुकून की स्थिति में पहुँचा देता है , जहाँ जीवन का राग है , प्रकृति में बिखरा सतत आनंद है फिर भी कहीं कोई अवसाद नहीं और यही उल्लास कवि में निराशा में आशा के बीजों को बो एक बार फिर उत्साह का संचार करता है अर्थात प्रकृति के कण कण से चाहो तो जीवन जीने के सूत्र ग्रहण किये जा सकते हैं बस जरूरत है तो उस नज़र की , उस सोच की। 

“अकेला खड़ा मैं “ जीवन दर्शन की संपूर्ण व्याख्या है , एक खोज है खुद की खुद तक , एक प्रश्न सत्य से सम्मुख होने का , आखिर क्या है उस पार जिससे अनभिज्ञता है और एक धरातल पर खड़ा अक्स खुद के होने की स्वीकार्यता के साथ उसके बाद की स्थिति का अवलोकन करता है और जीवन के होने और उसके बाद न होने के रहस्य को सुलझाने की कोशिश है ये कविता :

” हे ईश्वर / इसीलिए मुझे उस बीज के पनपने का रहस्य जानना है / आखिर कैसे एक दिन बिखर कर मौन हो जाते हैं वे ?”

“लेकिन बिल्ली तो ” के माध्यम से कवि ने इंसानी सोच की जड़ प्रकृति पर प्रहार किया है।  कैसे बिल्ली के रास्ता काटने पर भय और शंका के बादल अपना विस्तार पाते हैं और एक नए धरातल का निर्माण कर देते हैं जो होने और ना होने की अवस्थाओं से परे होता है मगर शंका और अन्धविश्वास की जड़ें इतनी गहरी होती हैं कि न चाहते हुए भी विस्तार पाती हैं और जकड लेती हैं अपने बाहुपाश में इस तरह कि न चाहते हुए भी विश्वास के जुगनू टिमटिमाने लगते हैं जिन्हे दूर करने की कोशिश तो की जाती है मगर तब भी कहीं न कहीं भय की एक शाख सोच से लिपटी दंश देती रहती है ये कहते हुए :

“क्योंकि  चेहरे तो लौटते रहेंगे इसी तरह की शंकाओं के लिए / ताकि उसकी अनंत यात्रों के पुल बनाये जा सकें / ताकि उसकी प्राकृतिक सोच के साथ / जहाँ सब कुछ पहले से तय होता है / उसकी पूर्णता के साथ प्रस्तुत हो सके / लेकिन बिल्ली तो फिर भी…….”


” फुनगियों पर लटका अहसास ” आज के कंक्रीट के जंगल में गुम होते अहसासों की विवशता का चित्रण है , कैसे वक्त के साथ विश्वास की धज्जियाँ इस प्रकार उड़ जाती हैं कि चाहकर भी किसी पर विश्वास किया नहीं जा सकता और विश्वास किये बिना जिया भी नहीं जा सकता , एक अजब भयाक्रांत माहौल को जन्म देते हम लोगों को सोचना होगा , जागना होगा एक बार फिर से विश्वास की ड्योढ़ी पर आसन जमाना होगा नहीं एक वक्त ऐसा आ जाएगा हम खुद को अकेला पाएंगे और अकेलेपन की जोंक धीरे धीरे हमारा सारा लहू चूस लेगी :

“इसी प्रक्रिया से गुजरता हुआ वह / अपने ही विश्वासों की परतों को / कुतरने लगता है / सयाने चूहे की तरह / और उम्र की घिसी कमीजों को / परचम की तरह लहराकर / ऊँचाई और गहराई के मध्य / फुनगियों पर लटके अहसासों को / नोचने लगता है “

सभी कविताएँ कवि की सोच , उसकी गहराई , उसकी संवेदनशीलता  को दर्शाती हैं जो कवी की सोच की ऊँचाई को दर्शाता है , जहाँ कवि निरपेक्ष सा होकर सारे परिदृश्यों को देखता है , महसूसता है और भी भावों की माला गूंथता है , यूं ही नहीं ये गहराइयाँ उतरा करती हैं समंदर के सीने में , एक खामोश ठहरे और शांत सागर में कितनी हलचल है , कितनी वेदना है , कितना समन्वयन है ये तभी जाना जा सकता है जब उसमे उतरा जाये , कुछ देर उसमे ठहरा जाए और फिर उसका मनन किया जाए।  एक बेहद उम्दा  रचनाओं से लबरेज कविता संग्रह में कवि की कविताओं ने चार चाँद लगा दिए हैं जिसे किसी समीक्षा की जरूरत नहीं , उसकी कवितायेँ ही उसकी पहचान हैं।  

मिलती हूँ अगले कवि के साथ जल्दी ही ……… 
Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free